5:42 pm Friday , 23 October 2026
BREAKING NEWS

शरद पूर्णिमा और गंगा स्नान पर्व पर बदायूं में ट्रैफिक डायवर्जन,

शरद पूर्णिमा और गंगा स्नान पर्व पर बदायूं में ट्रैफिक डायवर्जन, 24 अक्टूबर की रात 8 बजे से लागू होंगे नियम
कछला और अटैना घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने जारी किया रूट प्लान, हाथरस, अलीगढ़, मथुरा, राजस्थान, कासगंज, एटा और आगरा जाने वाले वाहन इन वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे

केशव गुप्ता

बदायूं, 23 अक्टूबर। शरद पूर्णिमा एवं गंगा स्नान पर्व के मद्देनजर बदायूं पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। 25 अक्टूबर को कछला गंगा घाट एवं अटैना घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। जारी निर्देशों के अनुसार, डायवर्जन 24 अक्टूबर की रात 8 बजे से 25 अक्टूबर की रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान हाथरस, अलीगढ़, मथुरा, राजस्थान, कासगंज, एटा और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा।
पुलिस के मुताबिक, बदायूं से हाथरस, अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान की ओर जाने वाले हल्के, मध्यम एवं भारी वाहन, जिनमें ट्रक, ट्रॉला, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार आदि शामिल हैं, उझानी बड़ा बाईपास से मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर, बबराला और अलीगढ़ होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं, बदायूं से कासगंज, एटा और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को नौशेरा तिराहा, थाना सिविल लाइन से कादरचौक और गंजडुंडवारा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
डायवर्जन प्लान के तहत मुजरिया चौराहे से कछला होते हुए कासगंज की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी प्रकार सहसवान के कछला रोड से भी कछला होते हुए कासगंज की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नौशेरा तिराहा, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बड़ा बाईपास, मुजरिया चौराहा और सहसवान के कछला रोड पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन स्थानों पर संबंधित थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस यातायात व्यवस्था संभालेगी और वाहन चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देगी।
हालांकि, बदायूं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह डायवर्जन प्लान गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं पर लागू नहीं होगा। पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें, यात्रा पर निकलने से पहले रूट की जानकारी कर लें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.