5:57 pm Saturday , 24 October 2026
BREAKING NEWS

खुडवारा-कूड़ा शाहपुर मार्ग बदहाल, 8 गांवों की राह मुश्किल; हादसों का भी खतरा

खुडवारा-कूड़ा शाहपुर मार्ग बदहाल, 8 गांवों की राह मुश्किल; हादसों का भी खतरा

केशव गुप्ता

कादरचौक में जर्जर रास्ते से ग्रामीण परेशान, बरसात में कीचड़ से बढ़ती हैं मुश्किलें; पक्की सड़क निर्माण की उठी मांग
कादरचौक। विकास खंड कादरचौक क्षेत्र में ग्राम खुडवारा से कूड़ा शाहपुर और खरगी नगला समेत आसपास के गांवों को जोड़ने वाला मार्ग बदहाली का शिकार है। जर्जर और कच्चे रास्ते के कारण करीब 7 से 8 गांवों के ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महत्वपूर्ण मार्ग होने के बावजूद इसकी हालत में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की समस्या को लेकर संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। बरसात के मौसम में रास्ते पर कीचड़ भर जाने से आवागमन और मुश्किल हो जाता है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वहीं, खेतों की रखवाली के लिए मार्ग के किनारे लगाए गए तार भी दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, खराब रास्ते और किनारों पर लगे तारों के चलते दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि खुडवारा से कूड़ा शाहपुर तक मार्ग का जल्द से जल्द पक्की सड़क के रूप में निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि सड़क बनने से आसपास के 7 से 8 गांवों के लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित व सुगम हो सकेगा। अब ग्रामीणों को प्रशासन की पहल और सड़क निर्माण का इंतजार है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.