बदायूं में रबी की बुवाई के बीच पोटाश का टोटा, सहकारी समितियों पर DAP तो मिल रही, पोटाश के लिए निजी दुकानों के चक्कर काट रहे किसान।
बदायूं 25 अक्टूबर ।
रबी सीजन की बुवाई पीक पर है और बदांयू क्षेत्र में खाद का संकट गहरा गया है। क्षेत्र की कई सहकारी समितियों पर पोटाश खाद की किल्लत हो गई है। सरसों और आलू की बुवाई के लिए खाद की सख्त जरूरत के बीच किसानों को DAP तो सहकारी समिति से मिल रही है, लेकिन पोटाश के लिए निजी दुकानों का रुख करना पड़ रहा है।
इस दोहरी व्यवस्था में किसानों को खाद जुटाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनका कीमती समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। निजी दुकानों पर मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि बुवाई के सबसे महत्वपूर्ण समय में खाद की उपलब्धता सुचारु रहना जरूरी है। सहकारी समितियों पर DAP मिलने के बावजूद पोटाश पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं होने से उन्हें अपनी जरूरत पूरी करने के लिए निजी दुकानदारों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
सहकारी समितियों पर डीएपी मिल जाती है, लेकिन पोटाश के लिए निजी दुकानों पर जाना पड़ता है। प्रशासन को समितियों पर पोटाश की उपलब्धता सुनिश्चित करानी चाहिए, जिससे किसानों को भटकना न पड़े। रंजीत कुमार, किसान।
सहकारी समितियों पर पोटाश नहीं मिलने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को इस समस्या पर ध्यान देकर समितियों पर पोटाश उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि किसान समय पर बुवाई कर सकें।-रमाशंकर किसान।



किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सहकारी समितियों पर भी पर्याप्त मात्रा में पोटाश खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक खाद मिल सके और बुवाई के कार्य में अनावश्यक देरी न हो।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com