योगी सरकार के ‘मिशन रोजगार’ को नई रफ्तार: राजकीय आईटीआई अलीगंज में 31 अक्टूबर को वृहद कैंपस प्लेसमेंट
टाटा मोटर्स, डिक्सन टेक्नोलॉजीज और कॉर्पस डेटा देंगी युवाओं को सेवायोजन का अवसर; ₹26,484 तक मिलेगा मासिक वेतन
10वीं, 12वीं, आईटीआई व स्नातक पास अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा मौका; महिला एवं पुरुष दोनों वर्ग कर सकेंगे प्रतिभाग
निःशुल्क कैंटीन, परिवहन व आकर्षक वेतन पैकेज; मूल अभिलेखों के साथ प्रातः 10 बजे पहुंचें अभ्यर्थी
लखनऊ-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें प्रतिष्ठित औद्योगिक घरानों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ‘मिशन रोजगार’ अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। इसी क्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज, लखनऊ में आगामी 31 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को प्रातः 10:00 बजे से एक वृहद कैंपस प्लेसमेंट व रोजगार भर्ती अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
इस रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स लिमिटेड, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र की अग्रणी कंपनी डिक्सन टेक्नोलॉजीज तथा आईटी एवं डाटा सेवा प्रदाता कंपनी कॉर्पस डेटा इंफॉर्मेशन सर्विसेज द्वारा विभिन्न पदों पर सैकड़ों युवाओं का चयन किया जाएगा। इस प्लेसमेंट ड्राइव में 10वीं, 12वीं, आईटीआई उत्तीर्ण एवं स्नातक योग्यताधारी महिला व पुरुष अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
कंपनीवार भर्ती एवं पदों के विस्तृत विवरण के अंतर्गत, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, नोएडा में ऑपरेटर के कुल 100 पद हैं, जिसके लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई या स्नातक उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी पात्र हैं, जिन्हें सेक्टर-151, नोएडा (उत्तर प्रदेश) कार्यस्थल के लिए ₹24,257 से ₹26,484 तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
टाटा मोटर्स लिमिटेड, लखनऊ प्लांट द्वारा दो अलग-अलग संवर्गों में तकनीकी युवाओं का चयन किया जाएगा, जिसमें प्रथम अप्रेंटिस ट्रेनी के तहत 10वीं एवं आईटीआई या एनटीसी में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ 18 से 25 वर्ष की आयु वाले युवाओं को 1 वर्ष के प्रशिक्षण हेतु ₹13,870 मासिक स्टाइपेंड मिलेगा, जबकि द्वितीय अस्थायी कर्मचारी के रूप में 10वीं उत्तीर्ण तथा आईटीआई या एनटीसी के साथ 1 वर्ष का कार्यानुभव रखने वाले 18 से 32 वर्ष के युवाओं को अधिकतम 6 माह की कार्य अवधि के लिए ₹15,488 मासिक वेतन दिया जाएगा, साथ ही दोनों संवर्गों के चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क कैंटीन, बस या परिवहन सुविधा, यूनिफॉर्म तथा सुरक्षा जूते प्रदान किए जाएंगे और इसके लिए इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर, वेल्डर, पेंटर, एमएमवी, डीजल मैकेनिक, कोपा या पासा, सीएनसी मशीनिंग, आरएसी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, और मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल आदि ट्रेड्स पात्र हैं।
कॉर्पस डेटा इंफॉर्मेशन सर्विसेज प्रा. लि., लखनऊ में कंप्यूटर ऑपरेटर या बैकएंड एग्जीक्यूटिव के 20 से अधिक पदों पर किसी भी संकाय में स्नातक, बेसिक कंप्यूटर व टाइपिंग दक्षता, एमएस एक्सेल या एमएस ऑफिस का कार्यानुभव और अच्छे संचार कौशल वाले 20 से 35 वर्ष के महिला एवं पुरुष फ्रेशर व अनुभवी अभ्यर्थियों को महानगर, लखनऊ कार्यस्थल के लिए ₹13,000 से ₹18,000 तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा।
संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी एम ए खां ने जानकारी दी है कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने समस्त मूल शैक्षिक व तकनीकी प्रमाण पत्र, अंकतालिकाएं, बायोडाटा (रिज्यूमे), पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक तथा अधिकृत पहचान पत्र की मूल व स्वप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ निर्धारित तिथि 31 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे राजकीय आईटीआई परिसर, अलीगंज (लखनऊ) में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com