बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शनिवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें 44 से अधिक गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए आवश्यक सलाह दी गई। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रगति शर्मा ने गर्भवती महिलाओं को बताया कि मानसिक तनाव और घर की कलह का मां के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसका असर गर्भस्थ शिशु के विकास पर भी पड़ सकता है। इसलिए गर्भवती महिलाएं तनाव से दूर रहें और परिवार के सदस्य भी उनके साथ सहयोगात्मक व्यवहार करें। सुरक्षित प्रसव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने बदलते मौसम को देखते हुए महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। कहा कि ठंड से बचाव करें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और पौष्टिक भोजन के साथ मौसमी फल व हरी सब्जियों का सेवन करें। पर्याप्त पानी पीएं और किसी भी तरह की परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लें। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाओं का सेवन न करें। शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं को फल भी वितरित किए गए। इस मौके पर सुमन शर्मा, शशिवाला सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com