2:07 am Sunday , 25 October 2026
BREAKING NEWS

रामलीला में सीता हरण और राम-हनुमान मित्रता का मंचन

बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या छह स्थित मेला ग्राउंड पर चल रहे रामलीला महोत्सव में शुक्रवार रात सीता हरण और भगवान श्रीराम-हनुमान की मित्रता के प्रसंग का कलाकारों ने भावपूर्ण मंचन किया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से जोड़ दिया। मंचन में दिखाया गया कि रावण की बहन सूर्पणखा के अपमान का बदला लेने के लिए रावण ने माता सीता का हरण करने की योजना बनाई। इसके तहत मामा मारीच ने सोने के हिरण का रूप धारण किया। हिरण को देखकर माता सीता ने भगवान श्रीराम से उसे लाने का आग्रह किया। श्रीराम हिरण के पीछे चले गए। बाद में लक्ष्मण भी सीता की सुरक्षा के लिए कुटिया से निकल गए। इसी का लाभ उठाकर रावण साधु का वेश धारण कर पहुंचा और माता सीता का हरण कर लिया। इस प्रसंग का कलाकारों ने मार्मिक मंचन किया। इसके बाद भगवान श्रीराम की हनुमान से भेंट और मित्रता का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। माता सीता की खोज में निकले श्रीराम और लक्ष्मण की मुलाकात हनुमान से हुई। हनुमान ने उन्हें सुग्रीव से मिलवाया और माता सीता की खोज में सहयोग का भरोसा दिया। राम-हनुमान की भक्ति और समर्पण के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस मौके पर मेला कमेटी के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.