4:54 pm Wednesday , 21 October 2026
BREAKING NEWS

BJP को बड़ा झटका : 11 साल तक परिवार समझकर सेवा की, सम्मान न मिलने पर कुशाग्र सागर ने छोड़ी पार्टी

BJP को बड़ा झटका : 11 साल तक परिवार समझकर सेवा की, सम्मान न मिलने पर कुशाग्र सागर ने छोड़ी पार्टी, बोले- ये अंत नहीं, आत्मसम्मान की नई शुरुआत है।

फेसबुक पर दर्द किया साझा।

21 अक्टूबर को प्राथमिक सदस्यता और सभी दायित्वों से दिया त्यागपत्र, भावुक पोस्ट ने मचाई सियासी हलचल।

बदायूं 21 अक्टूबर ।

भारतीय जनता पार्टी में 11 साल तक पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से काम करने वाले बिसौली के पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने आज पार्टी से नाता तोड़ दिया। 21 अक्टूबर 2026 को उन्होंने फेसबुक के माध्यम से भाजपा की प्राथमिक सदस्यता और पार्टी में निभा रहे समस्त दायित्वों से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी।

अपने भावुक त्यागपत्र में उन्होंने लिखा – “किसी भी संगठन में 11 वर्षों तक जुड़े रहना सिर्फ राजनीतिक जुड़ाव नहीं, बल्कि एक भावनात्मक रिश्ता होता है। मैंने संगठन को अपना परिवार समझा, अपना 100% दिया, व्यक्तिगत कठिनाइयों और तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हर संभव प्रयास किया।

उन्होंने आगे लिखा कि दर्द पद या प्रतिष्ठा न मिलने का नहीं है, बल्कि उस सम्मान और विश्वास के टूटने का है जिसे 11 साल तक दिल में संजोकर रखा था। जब इतने वर्षों की मेहनत और समर्पण के बदले अपेक्षित सम्मान और अपनापन नहीं मिलता तो मन को गहरी ठेस पहुंचती है।

मेरे लिए यह निर्णय आसान नहीं है, क्योंकि इन 11 वर्षों से जुड़ी अनेक यादें और भावनाएं इस सफर का हिस्सा रही हैं। मैं पार्टी में बिताए समय और मिले अवसरों के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

अंत में उन्होंने लिखा – यह मेरे राजनीतिक सफर का एक भावुक पड़ाव है। उन सभी का आभार जिन्होंने साथ दिया, विश्वास जताया। मेरे लिए यह अंत नहीं, बल्कि आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने की एक नई शुरुआत है।

11 साल पुराने समर्पित कार्यकर्ता के इस तरह भावुक होकर पार्टी छोड़ने से जिले की सियासत में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

खबर फेसबुक के आधार पर बीडीएन इंडिया इसकी पुष्टि नहीं करता।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.