
छंटनी में हटाए गए संविदा कर्मचारियों की वापसी संघर्ष का परिणाम: हर्षवर्धन
सैकड़ों कर्मचारियों की मौजूदगी में पुनर्नियुक्ति की मांग को लेकर बैठक, हस्ताक्षरयुक्त पत्र अधीक्षण अभियंता को सौंपा
बदायूँ। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अंतर्गत अग्रिम तिथियों में हटाए गए आउटसोर्सिंग संविदा कर्मचारियों की तत्काल पुनर्नियुक्ति को लेकर बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को बदायूँ के मालवीय आवास गृह में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों संविदा कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों की वापसी और उनके सेवा संबंधी हितों की रक्षा को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि छंटनी में हटाए गए कर्मचारियों की वापसी का आदेश कर्मचारी एकता और लंबे संघर्ष का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि संगठन कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है और रहेगा।
प्रदेश संगठन मंत्री हरीश चंद्र यादव ने कहा कि संघ ने कर्मचारियों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारियों ने वर्षों तक बिजली विभाग में अपनी सेवाएं दीं, उनके हितों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है। कर्मचारियों को एकजुट रहकर अपने अधिकारों के लिए संगठित प्रयास जारी रखने की आवश्यकता है।
इस दौरान पूर्व मध्यांचल उपाध्यक्ष प्रेमपाल प्रजापति तथा जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने छंटनी में हटाए गए कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति की प्रक्रिया को तत्काल लागू कर कार्य पर वापस लेने तथा संगठन की ओर से उठाए गए मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक के दौरान छंटनी में हटाए गए संविदा कर्मचारियों की सूची पर संबंधित कर्मचारियों के हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद कर्मचारियों की वापसी का आदेश तत्काल लागू करने दिनांक 6 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन एवं कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के कार्यवृत्त के संदर्भ में तैयार पत्र अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, बदायूँ के कार्यालय में प्रस्तुत किया गया।
संगठन की ओर से मांग की गई कि छंटनी में हटाए गए कर्मचारियों के मामलों पर निर्धारित निर्देशों एवं उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार तत्काल कार्रवाई करते हुए उनकी पुनर्नियुक्ति की प्रक्रिया अतिशीघ्र पूरी की जाए । साथ ही, 55 वर्ष से अधिक तथा 60 वर्ष से कम आयु वाले अनुभवी कर्मचारियों को भी तत्काल कार्य पर वापस लिया जाए।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन और कर्मचारियों के बीच एकजुटता आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रबंधन के साथ हुई वार्ता में सामने आए बिंदुओं पर अतिशीघ्र प्रभावी कार्रवाई होगी और लंबे समय से रोजगार से वंचित कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर राकेश कुमार सागर, जापान सिंह, मुसब्बिर अली सिद्दीकी, राजीव यादव, मुनेन्द्र सिंह यादव, सत्यपाल शर्मा, प्रदीप कुमार सिंह, तारुद्दीन, अभय सिंह यादव, सतेंद्र यादव सहित सैकड़ों की संख्या में संविदा कर्मचारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com