7:00 pm Wednesday , 21 October 2026
BREAKING NEWS

शाहपुर में डेंगू से चार ग्रामीणों की मौत का मामला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

बदायूं। दातागंज तहसील के शाहपुर गांव में डेंगू से चार ग्रामीणों की मौत और बड़ी संख्या में लोगों के बुखार से पीड़ित होने का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर गांव में तत्काल मेडिकल कैंप लगाने, ग्रामीणों की मुफ्त जांच कराने और समुचित उपचार उपलब्ध कराने की मांग की।

अजीत यादव ने मंगलवार को शाहपुर गांव का दौरा कर पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों से बातचीत की थी। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि गांव में डेंगू से चार लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें जितेंद्र जाटव की पत्नी करिश्मा जाटव, सतेंद्र जाटव के बेटे ओजेश जाटव और दो छोटे बच्चे शामिल बताए गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में बड़ी संख्या में लोग बुखार से पीड़ित हैं और कई परिवार कर्ज लेकर निजी अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर हैं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अजीत यादव ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में जल्द चिकित्सा शिविर लगाकर बुखार से पीड़ित लोगों की जांच और उपचार सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शाहपुर गांव में तत्काल मेडिकल कैंप नहीं लगाया गया तो कांग्रेस ग्रामीणों के हित में धरना-प्रदर्शन करेगी।

इस दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, विधि विभाग के जिलाध्यक्ष सूरज पाल सोलंकी, एससी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कन्नौजिया, सेवानिवृत्त कानूनगो सुरेंद्र सिंह और सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.