बिल्सी में पड़ोसी की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने दी जान, चार लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज।
पत्नी से छेड़छाड़ और फोटो खींचने का आरोप, 17 अक्टूबर की शाम की घटना।
बिल्सी, बदायूं 20 अक्टूबर ।
थाना बिल्सी क्षेत्र के एक गांव हैदलपुर में सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी की लगातार प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता की तहरीर पर बिल्सी पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हैदलपुर निवासी एक परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका पड़ोसी युवक उनकी पुत्रवधू के साथ गलत नियत रखता था। आरोप है कि आरोपी चलते-फिरते उसकी फोटो खींचता था और उसे परेशान करता था।
जब पुत्रवधू ने इसकी जानकारी अपने पति को दी तो पति ने आरोपी पड़ोसी को समझाने का प्रयास किया। तहरीर में आरोप है कि इसके बाद आरोपी और उग्र हो गया और पीड़ित युवक को धमकाने लगा कि वह उसकी पत्नी को अपने घर रखेगा और उसे झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भिजवा देगा।
परिजनों के मुताबिक इसी मानसिक प्रताड़ना के चलते उनका पुत्र कई दिनों से काफी परेशान और अनमना रहने लगा था।
पिता का आरोप है कि 17 अक्टूबर 2026 की सुबह जब उनका पुत्र घर से निकल रहा था तो गांव के ही चार लोगों ने उसे घर के सामने रोक लिया और उसी बात को लेकर उल्टी-सीधी बातें कहकर उसे प्रताड़ित किया। घर आकर उसने किसी से ज्यादा बात नहीं की।
तहरीर के अनुसार 17 अक्टूबर की शाम करीब 8:30 बजे जब पूरा परिवार घर पर खाना खा रहा था, तभी युवक अचानक उठकर अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ। खिड़की से झांक कर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ मिला। शोर मचाने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद 19 अक्टूबर को परिजनों ने थाने में तहरीर दी। बिल्सी पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक बलवीर सिंह को सौंपी गई है। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com