5:35 am Thursday , 24 September 2026
BREAKING NEWS

वैश्य समाज की संगोष्ठी में गूंजा एकजुटता और राष्ट्र निर्माण का संदेश, विधायक ‘बब्बू भैया’ ने किया समाज के प्रबुद्धजनों से संवाद

बदायूं

वैश्य समाज की संगोष्ठी में गूंजा एकजुटता और राष्ट्र निर्माण का संदेश, विधायक ‘बब्बू भैया’ ने किया समाज के प्रबुद्धजनों से संवाद

केशव गुप्ता

दातागंज। सिंह ब्रदर्स कोल्ड स्टोरेज, दातागंज में वैश्य समाज की ओर से आयोजित संगोष्ठी में 117 विधानसभा दातागंज के विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ ‘बब्बू भैया’ ने सहभागिता की। कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजनों, व्यापारियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं सम्मानित पदाधिकारियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। संगोष्ठी के दौरान समाज की एकजुटता, सामाजिक सहभागिता, व्यापारिक हितों तथा राष्ट्र निर्माण में वैश्य समाज की भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने कहा कि वैश्य समाज ने सदैव देश की आर्थिक मजबूती, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। व्यापार और उद्योग के माध्यम से समाज के लोग न केवल अर्थव्यवस्था को गति प्रदान कर रहे हैं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता, धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों तथा जनसेवा के कार्यों में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि धर्म, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के साथ समाज की एकजुटता समय की आवश्यकता है। समाज के व्यापारी एवं युवा वर्ग आगे बढ़कर राष्ट्र और क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार विकास को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है।
संगोष्ठी में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, बदायूं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह ‘अंकित भैया’, चेयरमैन अनूप कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में वैश्य समाज के पदाधिकारी, व्यापारी बंधु, वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठजनों का स्वागत किया गया। वक्ताओं ने वैश्य समाज की सामाजिक एवं आर्थिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की तरक्की के लिए आपसी सहयोग, भाईचारा और संगठन की भावना को और मजबूत करने की जरूरत है।
संगोष्ठी में मौजूद लोगों ने क्षेत्र के विकास, व्यापारियों की समस्याओं तथा सामाजिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में एकजुटता, सामाजिक समरसता और विकास के संकल्प के साथ वैश्य समाज की सक्रिय भूमिका को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस