11:52 pm Monday , 21 September 2026
BREAKING NEWS

उत्तम सत्य धर्म के साथ मनाया दसलक्षण पर्व का पांचवां दिन

बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या दो स्थित प्राचीन चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में सोमवार को दसलक्षण महापर्व के पांचवें दिन उत्तम सत्य धर्म श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। सुबह शांति धारा, पूजन और भजन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। शाम को निखिल जैन ने प्रवचन देते हुए उत्तम सत्य धर्म का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि केवल मुख से सच बोलना ही सत्य नहीं है, बल्कि विचार और कार्यों में पूर्ण एकरूपता रखना भी सत्य है। ऐसा सत्य बोलना चाहिए, जो किसी के लिए कल्याणकारी, प्रिय और मधुर हो। यदि किसी सत्य से किसी जीव को गंभीर ठेस पहुंचती हो या उसकी जान को खतरा हो तो मौन रहना उचित माना गया है। उन्होंने कहा कि क्रोध, लोभ, भय, छल और अहंकार झूठ के मुख्य कारण हैं। इनसे मुक्त होकर जीवन जीना ही उत्तम सत्य धर्म है। प्रवचन के बाद वीरांगना मंडल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में आदि जैन प्रथम, प्रियांशु जैन द्वितीय और काशवी जैन तृतीय रहीं। कलश सजाओ प्रतियोगिता में इंदू जैन प्रथम, दर्पण जैन द्वितीय तथा उदित जैन और तनिष्का जैन तृतीय स्थान पर रहे। संचालन नीरेश जैन ने किया। इस दौरान टीटू जैन, अनिल जैन सोनी, नीरज जैन, डब्बू जैन, प्रशांत, आशीष जैन, पंकज जैन, आरती जैन, बबिता जैन, मोना जैन, स्वीटी जैन, हिंदू जैन, प्रतिभा जैन, ज्योति जैन और शालिनी जैन आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस