एक दर्जन से अधिक नलकूपों में नकब लगाकर स्टार्टर-केबिल चोरी, पुरानी वारदातों का भी नहीं हुआ खुलासा; किसानों में बढ़ रहा आक्रोश
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र में किसानों के निजी नलकूप लगातार चोरों के निशाने पर हैं। एक के बाद एक नलकूपों में चोरी की वारदातें सामने आने के बावजूद पिछली घटनाओं का खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। चोर बेखौफ होकर रात के अंधेरे में खेतों पर पहुंच रहे हैं और नलकूपों में नकब लगाकर स्टार्टर, केबिल व अन्य विद्युत उपकरण पार कर रहे हैं।
ताजा मामला गांव इनायतगंज और लाही क्षेत्र का है। रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक दर्जन से अधिक किसानों के नलकूपों को निशाना बनाया। चोरों ने नलकूपों में नकब लगाकर अंदर प्रवेश किया और स्टार्टर, केबिल समेत हजारों रुपये का विद्युत सामान चोरी कर लिया। बताया गया कि चोरों ने नलकूपों पर ही तार जलाकर उनमें से कापर निकाल लिया।
सोमवार सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तो नलकूपों के ताले और दरवाजे टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और स्टार्टर व केबिल गायब थे। एक साथ कई नलकूपों में चोरी की जानकारी फैलते ही किसानों में हड़कंप मच गया।
चोरी की शिकायत कुंवरपाल, छोटेलाल, खेतल, भूरेलाल, रतनलाल, उम्मीद हसन, इसरार अली, अब्बास पुत्र बशीरुद्दीन, साजिम पुत्र राहिदुद्दीन, पोशाकी लाल, खेतल पुत्र पैलादी, आसिफ पुत्र दिलावर, नत्थू पुत्र पीरबख्श, खलील पुत्र बाबलू और आरिफ पुत्र अमरुद्दीन समेत अन्य किसानों ने की है।
पुरानी वारदातें भी अनसुलझी, चोरों के हौसले बुलंद
किसानों का कहना है कि क्षेत्र में नलकूपों से स्टार्टर और केबिल चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में अभी तक चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुरानी घटनाओं का खुलासा नहीं होने के बीच अब दोबारा बड़ी संख्या में नलकूपों को निशाना बनाए जाने से पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
किसानों का आरोप है कि रात के समय खेतों की ओर पुलिस की गश्त पर्याप्त नहीं है। यही वजह है कि चोर लगातार वारदातों को अंजाम देकर आसानी से निकल जा रहे हैं।
सिंचाई व्यवस्था पर सीधा असर
नलकूपों से स्टार्टर और केबिल चोरी होने के कारण किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। चोरी हुए सामान को दोबारा खरीदने में किसानों को हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। किसानों ने पुलिस से पुरानी घटनाओं का जल्द खुलासा करने, ताजा चोरी की जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और रात में खेतों की ओर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
लगातार हो रही नलकूप चोरी की वारदातों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं का खुलासा कर चोरों तक कब पहुंचती है।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


