12:34 am Wednesday , 18 November 2026
BREAKING NEWS

बैंक ऑफ बड़ौदा सहसवान की कार्यशैली पर उठे सवाल, शिक्षकों और ग्राहकों में आक्रोश

बैंक ऑफ बड़ौदा सहसवान की कार्यशैली पर उठे सवाल, शिक्षकों और ग्राहकों में आक्रोश

केशव गुप्ता

स्कूलों के एसएनए स्पर्श खाते समय पर न खुलने से शिक्षक परेशान, शाखा प्रबंधक के व्यवहार पर भी लगाए आरोप
सहसवान (बदायूं)। बैंक ऑफ बड़ौदा की सहसवान शाखा में शाखा प्रबंधक की कथित कार्यशैली और व्यवहार को लेकर ग्राहकों एवं शिक्षकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्राहकों का आरोप है कि बैंक में सामान्य कार्यों के लिए भी कई-कई दिन चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वहीं, शासन के निर्देशों के बावजूद परिषदीय विद्यालयों के एसएनए स्पर्श खाते समय से नहीं खुल पाने के कारण शिक्षक परेशान हैं।
शिक्षकों का आरोप है कि विद्यालयों के खाते खुलवाने के लिए बैंक पहुंचने पर शाखा प्रबंधक का व्यवहार संतोषजनक नहीं रहता। प्राथमिक विद्यालय भूड़िया की प्रधानाध्यापिका संगीता देवी ने बताया कि जब वह विद्यालय का खाता खुलवाने के लिए आवश्यक फॉर्म और प्रक्रिया की जानकारी लेने पहुंचीं तो शाखा प्रबंधक ने उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और केबिन से बाहर जाने को कहा।
शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ शाखा सहसवान के अध्यक्ष राजन यादव एवं शाखा मंत्री परवेज अनवर ने शाखा प्रबंधक की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई कराने तथा परिषदीय विद्यालयों के एसएनए स्पर्श खाते शीघ्र खुलवाने की मांग की है।
शिक्षक प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि बैंक में शिक्षकों के प्रति व्यवहार और कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो शिक्षक अपने वेतन खातों को बैंक ऑफ बड़ौदा से हटवाकर अन्य बैंकों में स्थानांतरित कराने पर विचार करेंगे।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और बैंक के उच्चाधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और शिक्षकों व आम ग्राहकों को बैंक की समस्याओं से कब तक राहत मिलती है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.