12:34 am Wednesday , 18 November 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में PDA दलित एकता के मंच से गरजे सांसद आदित्य यादव, मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर सरकार को घेरा

बिल्सी में PDA दलित एकता के मंच से गरजे सांसद आदित्य यादव, मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर सरकार को घेरा

केशव गुप्ता

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा नेताओं ने दिखाई एकजुटता, बोले—बिल्सी में प्रत्याशी कोई भी हो, पार्टी को जिताने के लिए मिलकर करेंगे काम
बिल्सी (बदायूं)। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक हाजी विट्टन के कैंप कार्यालय पर PDA दलित एकता समाज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बदायूं मेडिकल कॉलेज की मौजूदा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने समाजवादी सरकार के कार्यकाल में बदायूं में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए वर्तमान व्यवस्थाओं पर नाराजगी जाहिर की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक आरके शर्मा ने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए उसकी कार्यशैली पर सवाल उठाए। वहीं पूर्व विधायक हाजी विट्टन ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया और कंपोजिट शराब की दुकानों को लेकर सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताई।
इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचे सांसद आदित्य यादव सहित अन्य अतिथियों का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। पूर्व विधायक हाजी विट्टन ने सांसद को साइकिल का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने एकजुटता का संदेश दिया। वक्ताओं ने अपील की कि बिल्सी विधानसभा से पार्टी किसी को भी प्रत्याशी बनाए, सभी कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहें और अखिलेश यादव के नेतृत्व को मजबूत करते हुए प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए काम करें।
हाजी विट्टन ने बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान करते हुए सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सर्वेश यादव, देवेंद्र गौतम, अजमल खान, प्रेमनाथ अरुण, उमेश गौतम, चेतन यादव, दीपक शर्मा सहित बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भाईचारे, सामाजिक एकता और 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की मजबूती का संदेश प्रमुख रूप से सामने आया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.