पदोन्नति सूची मौलिक नियुक्ति की तिथि के आधार पर बनाने की मांग, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन
बदायूं। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक दुष्यंत कुमार रघुवंशी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से मुलाकात कर उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची मौलिक नियुक्ति की तिथि के आधार पर तैयार किए जाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में आवश्यक साक्ष्यों एवं न्यायालय के निर्णयों का हवाला देते हुए ज्ञापन सौंपा और विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
महासंघ ने उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा (अध्यापक) सेवा नियमावली, 1981 के नियम 22 का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी संवर्ग में अध्यापक की वरिष्ठता उसकी मौलिक नियुक्ति की तिथि के आधार पर निर्धारित की जाती है। प्रतिनिधिमंडल ने सर्वोच्च न्यायालय और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के विभिन्न निर्णयों का हवाला देते हुए पदोन्नति, परिणामी वरिष्ठता और संयुक्त पात्रता सूची तैयार करने के संबंध में नियमानुसार परीक्षण किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि संबंधित शिक्षकों की पदोन्नति के आदेश, उस समय लागू वैधानिक प्रावधानों और मूल चयन सूची में उनकी स्थिति को ध्यान में रखकर ही वरिष्ठता निर्धारित की जानी चाहिए। साथ ही सभी प्रभावित शिक्षकों को सुनवाई का अवसर देकर नियमानुसार कारणयुक्त आदेश पारित किए जाने की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने जनगणना कार्य में नियुक्त प्रगणकों पर स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के नाम पर कथित रूप से बनाए जा रहे अनावश्यक दबाव का मुद्दा भी उठाया। महासंघ ने इस पर विरोध जताते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी कार्मिकों का सहयोग जरूरी है, लेकिन यह सहयोग विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप और सकारात्मक वातावरण में लिया जाना चाहिए।
इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। महासंघ ने पदोन्नति प्रकरण में अपने सुझावों पर निष्पक्ष एवं नियमानुसार निर्णय लेने की मांग की।
इस अवसर पर जिला सह संयोजक प्रदीप कुमार, सोनी गुप्ता एवं ब्लॉक अध्यक्ष वजीरगंज धीरज शर्मा सहित प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com