बिल्सी। कछला-शाहाबाद हाईवे पर गांव अंबियापुर के निकट सोमवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार चंदौसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर नगला निवासी धर्मवीर उर्फ नन्हे (30) पुत्र देवराज और मोनू पुत्र राजेंद्र सोमवार रात एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से बिसौली की ओर जा रहे थे। हाइवे पर स्थित गांव अंबियापुर से निकलते ही उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। धर्मवीर की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि मोनू को परिजन चंदौसी के निजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान धर्मवीर ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com