

ककोड़ा (बदायूं) 18 नवंबर ।
बदायूं के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध ककोड़ा मेला अब पूरी तरह सजने लगा है। झंडी पूजन के साथ ही मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा किनारे दुकानदार पहुंचने लगे हैं और अपनी-अपनी दुकानें सजाने का काम शुरू कर दिया है।
मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए बड़े-बड़े झूले, मौत का कुआं और तमाम तमाशों के इंतजाम किए जा रहे हैं। कहीं झूले खड़े करने का काम चल रहा है तो कहीं मनोरंजन के दूसरे साधन तैयार किए जा रहे हैं। बच्चों के लिए छोटे झूले और खेल-तमाशे भी लगाए जाएंगे।
आसपास के इलाकों से आए परिवार गंगा किनारे टेंट लगाकर रहने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल दुकानों को सजाने और मनोरंजन के साधन जुटाने का काम जोरों पर है। वहीं, गंगा किनारे श्रद्धालुओं की आमद भी शुरू हो गई है। मुख्य स्नान की तारीख नजदीक आते ही मेले में भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
मेले की सुरक्षा के लिए बदायूं के अलावा बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर की पुलिस भी तैनात रहेगी। सुरक्षा ड्यूटी में दो सीओ, 10 इंस्पेक्टर, 100 दरोगा, 500 कांस्टेबल और 50 महिला सिपाही शामिल रहेंगी।
मेले में चार ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही घुड़सवार पुलिस गश्त करेगी। घाटों पर फ्लड पीएसी और गोताखोर तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन फायर टेंडर और आठ क्रेन भी उपलब्ध रहेंगी।
मेला का उद्घाटन 23 नवंबर को होगा। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य गंगा स्नान किया जाएगा। मेला एक दिसंबर तक चलेगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com