12:20 am Thursday , 19 November 2026
BREAKING NEWS

उझानी: बदांयू रोड पर खोखा नुमा दुकान में लगी भीषण आग, 2 लाख का नुकसान


उझानी: बदांयू रोड पर बीती रात 11 बजे खोखा नुमा दुकान में लगी भीषण आग, 2 लाख का नुकसान।

उझानी (बदायूं)18 नवंबर ।

बदायूं रोड स्थित अयोध्या गंज क्षेत्र में बीती रात करीब 11 बजे एक खोखा नुमा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। अनुमानित दो लाख रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकानदार सुबोध गुप्ता पुत्र श्रीराम गुप्ता, निवासी अयोध्या गंज, निकट देशी शराब की दुकान, उझानी की यह खोखा दुकान अचानक आग की चपेट में आ गई। दुकान में सीनरी, रेडीमेड कपड़ा, दीवार घड़ी सहित अन्य सामान रखा था।

आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान पूरी तरह जल गई और पास लगा लोहे का बिजली पोल भी आग की तपिश से जलकर धराशाई हो गया।

घटना के समय आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देखीं तो तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ी समय से नहीं पहुंच पाई। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों व ट्यूबवेल के पानी से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के समय पास लगे सीसीटीवी में एक व्यक्ति दिखाई दिया है, जिसने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था और वह दुकान के पास आग लगाकर मौके से फरार हो गया। लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी है।

दुकानदार सुबोध गुप्ता ने कहा कि रात को दुकान बंद कर घर गया था, तभी फोन पर आग लगने की सूचना मिली। जब तक पहुंचे तब तक सबकुछ जलकर खाक हो गया। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.