उझानी- सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक।
उझानी (बदायूँ)17 नवंबर ।


संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उझानी में मंगलवार को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यातायात माह नवंबर के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में टीएसआई मुरारी लाल साहू, कांस्टेबल दिगंबर सिंह और कांस्टेबल अमित कुमार ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
टीएसआई मुरारी लाल साहू ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य लगाएं और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट बांधकर ही यात्रा करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नशे की हालत में कभी वाहन न चलाएं।
कांस्टेबल दिगंबर सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, सड़क संकेतों को समझने और वाहन चलाते समय दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया।
कांस्टेबल अमित कुमार ने कहा कि नाबालिगों को वाहन चलाना कानूनन अपराध है। सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है। छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
अंत में सभी विद्यार्थियों ने स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार व समाज के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
संदेश – “हेलमेट लगाएं, सीट बेल्ट बांधें, यातायात नियम अपनाएं और अपना अनमोल जीवन सुरक्षित बनाएं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com