12:25 am Wednesday , 18 November 2026
BREAKING NEWS

राजकीय आईटीआई में 300 विद्यार्थियों ने लिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रशिक्षण

एआई प्रज्ञा के तहत आईबीएम स्किल्सबिल्ड और 1एम1बी ने आयोजित किया निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम
बदायूँ: 17 नवम्बर। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल एआई प्रज्ञा के अंतर्गत आईबीएम स्किल्सबिल्ड के क्रियान्वयन सहयोगी 1एम1बी (वन मिलियन फॉर वन बिलियन) द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बदायूँ में दो दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 300 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आईबीएम स्किल्सबिल्ड के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मूल अवधारणाओं, उसके व्यावहारिक उपयोग, भविष्य में उभरते रोजगार के अवसरों तथा आवश्यक डिजिटल एवं भविष्यगत कौशलों के संबंध में जानकारी दी गई। संवादात्मक एवं व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक को वास्तविक जीवन की समस्याओं और अपने करियर से जोड़कर समझने का अवसर मिला।
संस्थान के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र कुमार वार्ष्णेय एवं अन्य संकाय सदस्यों ने एआई प्रज्ञा पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी एवं रोजगार संबंधी आवश्यकताओं के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
एआई प्रज्ञा के माध्यम से 1एम1बी, आईबीएम के सहयोग से उत्तर प्रदेश के पॉलिटेक्निक, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, डिग्री कॉलेजों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं भविष्यगत कौशलों से जोड़ने का कार्य कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार, नवाचार तथा बदलती डिजिटल अर्थव्यवस्था में उभरते अवसरों के लिए तैयार करना है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.