12:28 am Thursday , 19 November 2026
BREAKING NEWS

बकरी पालन: महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम-डॉ वार्ष्णेय


बदायूँ। पशुपालन विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों एवं पशुपालकों को बकरी पालन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। बकरी पालन ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने, स्वरोजगार उपलब्ध कराने तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण व्यवसाय है। इसे कम पूंजी एवं सीमित संसाधनों में भी शुरू किया जा सकता है।बकरी को गरीब की गाय भी कहा जाता है। बकरी पालन के लिए बड़े भू-भाग अथवा अत्यधिक निवेश की आवश्यकता नहीं होती है। बकरियां कम मात्रा में उपलब्ध चारे एवं झाड़ियों पर भी अपना जीवनयापन कर सकती हैं। इनके दूध, मांस एवं बच्चों की बिक्री से नियमित रूप से आय प्राप्त की जा सकती है। बकरी के दूध का उपयोग पोषण के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है।
बकरी पालन की एक विशेषता यह है कि बकरियों में प्रजनन क्षमता अच्छी होती है तथा सामान्यतः एक बार में एक से तीन बच्चे तक हो सकते हैं। उचित नस्ल, संतुलित आहार एवं वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाकर बकरी पालक अपने पशुधन में वृद्धि कर सकते हैं और अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।सफल बकरी पालन के लिए पशुपालकों को निम्नलिखित बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए—स्थानीय जलवायु के अनुकूल स्वस्थ एवं अच्छी नस्ल की बकरियों का चयन करें,बकरियों को स्वच्छ, हवादार एवं सूखे स्थान पर रखें,हरा चारा, सूखा चारा एवं संतुलित दाना नियमित रूप से उपलब्ध कराएं,नवजात बच्चों को जन्म के तुरंत बाद खीस (कोलोस्ट्रम) अवश्य पिलाएं,बकरियों का समय-समय पर कृमिनाशक उपचार एवं टीकाकरण कराएं,बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर पशु चिकित्सक से उपचार कराएं।
बकरी पालन विशेष रूप से छोटे एवं सीमांत किसानों, भूमिहीन परिवारों तथा महिलाओं के लिए आय का एक अच्छा साधन बन सकता है। समूह के माध्यम से बकरी पालन करने पर संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा विपणन में भी सुविधा मिल सकती है।
पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों से अपील की जाती है कि वे पारंपरिक तरीके के स्थान पर वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित ढंग से बकरी पालन अपनाएं तथा इसे अपनी आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का माध्यम बनाएं। पशुपालन विभाग द्वारा 90% अनुदान पर बकरी पालन की योजना चलाई जा रही है जिसमें पशुपालक को पांच बकरी एक बकरा खरीदने के लिए 54000 की आर्थिक मदद की जाएगी जिसमें ₹6000 पशुपालक को लगाना है इससे पशुपालक अपना रोजगार प्रारंभ कर सकता है बकरियों की अचानक में मृत्यु को ध्यान में रखकर विभाग द्वारा 85% अनुदान पर जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना पशु चिकित्सालय के माध्यम से चलाई जा रही है।बड़े पशुपालकों के लिए सरकार द्वारा राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत 50% अनुदान पर 20 लाख से 1 करोड रुपए तक की योजना संचालित है इस योजना में 100 बकरियों से 500 बकरियां तक पशुपालक फॉर्म खोलकर अपना व्यवसाय कर सकता है विकासखंड में बकरी पालन एक आजीविका का मुख्य साधन बनता जा रहा है तथा यह बेरोजगारी और छुपी हुई बेरोजगारी ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने में मददगार साबित हो रहा है जिसके साथ-साथ जैविक खेती को भी बढ़ावा देने में कारगर सिद्ध होगा

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.