12:14 pm Sunday , 29 November 2026
BREAKING NEWS

दिल्ली हाईवे पर पलटा बीयर से भरा ट्रक, सड़क पर बिखर गईं हजारों बीयर की केन, बाल-बाल बचे चालक-परिचालक।

दिल्ली हाईवे पर पलटा बीयर से भरा ट्रक, सड़क पर बिखर गईं हजारों बीयर की केन, बाल-बाल बचे चालक-परिचालक।

उझानी (बदायूं) 29 नवंबर ।

रविवार सुबह दिल्ली हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अतरौली की बीयर फैक्ट्री से बीयर लादकर पीलीभीत जा रहा एक ट्रक पंचर होने से गांव कुंडा नरसिंहपुर के पास पलट गया। पलटते ही ट्रक में भरी हजारों बीयर की केन और डिब्बे सड़क पर बिखर गए।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।

बताते हैं कि ट्रक का अगला पहिया अचानक पंचर हो गया। ट्रक अनियंत्रित होकर पलटने लगा, लेकिन चालक ने होशियारी का परिचय देते हुए ट्रक को इस तरह संभाला कि वह सड़क किनारे पलट गया, वरना सामने से आ रहे वाहनों से भिड़ंत हो जाती और बड़ा हादसा हो सकता था।

गनीमत रही कि इस हादसे में चालक-परिचालक को मामूली खरोंच तक नहीं आई और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार ट्रक चालक पीलीभीत के नौगंवा पनबडिया गांव निवासी इकरार पुत्र अबरार है। वह अतरौली की बीयर फैक्ट्री से बीयर लादकर शाहजहांपुर जा रहा था। सुबह जैसे ही उसका ट्रक कुंडा नरसिंहपुर के पास पहुंचा, तभी पहिया पंचर हो गया और ट्रक पलट गया।

सूचना मिलते ही उझानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन मंगाकर पलटे ट्रक को सीधा करवाया और सड़क पर बिखरी बीयर की केन व डिब्बों को हटवाया। काफी देर की मशक्कत के बाद यातायात सुचारू हो सका।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण बीयर की केन लूटने की कोई घटना नहीं हुई। पुलिस ने सारी केन व डिब्बों को सुरक्षित कर ट्रक मालिक को सौंप दिया।

फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

8
—

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.