12:16 pm Saturday , 28 November 2026
BREAKING NEWS

सोत नदी पर पुल और पक्की सड़क की मांग को लेकर लामबंद हुए ग्रामीण, डीएम को भेजा प्रार्थना पत्र

सोत नदी पर पुल और पक्की सड़क की मांग को लेकर लामबंद हुए ग्रामीण, डीएम को भेजा प्रार्थना पत्र

केशव गुप्ता

बारिश में 5-6 महीने तक गांव का रास्ता रहता है बंद, किसानों और विद्यार्थियों को 5-6 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने की मजबूरी
बदायूं। जिले के उसहैत क्षेत्र के रसूलपुर नगला गांव के ग्रामीणों ने सोत नदी पर पक्का पुल और गांव तक पक्की सड़क बनवाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव का मुख्य रास्ता सोत नदी के कच्चे रास्ते से होकर गुजरता है। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने और रास्ते पर कीचड़ भर जाने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। स्थिति यह है कि ग्रामीणों को साल में करीब पांच से छह महीने तक आवागमन की परेशानी झेलनी पड़ती है।
इस समस्या का सबसे अधिक असर किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों और रोजमर्रा के काम से बाहर जाने वाले लोगों पर पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक, रास्ता बंद होने पर खेतों और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने के लिए उसहैत होकर करीब पांच से छह किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और मेहनत दोनों बर्बाद होते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने प्रशासन से सोत नदी पर छोटा पक्का पुल और गांव तक पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में भी आवागमन सुचारू बना रहे।
इस मांग को लेकर अर्जुन सिंह, आर्य, इदरीश, तालिब, पुत्तन, वकील, इरफान, शान मोहम्मद, धर्म सिंह, बबलू, तब्बू, हसमत, मुशीर, वीरेंद्र, जहीर पहलवान, निजामुद्दीन, रामनिवास, सुखवीर, विकास, सुरेश, अंकित, सूरज, भगवानदास, मुन्ने, मोमीन, अय्यूब खान, इसरार सहित अन्य ग्रामीणों ने आवाज उठाई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जनहित की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, जिससे गांव के लोगों को सालभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.