अलापुर नगर पंचायत में 1.44 करोड़ के टेंडर पर मचा हड़कंप, सफाई कर्मचारी के हस्ताक्षर से जारी हुए तीन टेंडर
केशव गुप्ता
बोर्ड की मंजूरी और डीएम की अनुमति के बिना टेंडर जारी करने का आरोप, अध्यक्ष की शिकायत पर एडीएम प्रशासन को सौंपी गई जांच
बदायूं। जिले की अलापुर नगर पंचायत में करीब 1.44 करोड़ रुपये के तीन टेंडर जारी किए जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। हैरानी की बात यह है कि इन टेंडरों पर एक सफाई कर्मचारी भानुप्रकाश के हस्ताक्षर बताए जा रहे हैं, जबकि उनके पास किसी प्रकार के वित्तीय अधिकार नहीं हैं। मामले में नगर पंचायत की अध्यक्ष हुमा बी ने डीएम से शिकायत की है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत में 500 एलईडी लाइटों की खरीद के लिए 51.25 लाख रुपये, 600 एलईडी लाइटों के लिए 61.50 लाख रुपये और बिजली के तारों की खरीद के लिए 30.90 लाख रुपये के टेंडर जारी किए गए। तीनों टेंडरों की कुल कीमत 1 करोड़ 43 लाख 65 हजार रुपये है। आरोप है कि टेंडर जारी करने से पहले न तो नगर पंचायत बोर्ड से प्रस्ताव पास कराया गया और न ही जिलाधिकारी से अनुमति ली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष हुमा बी ने जिलाधिकारी अवनीश राय से शिकायत कर पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की। वहीं, अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी का कहना है कि भानुप्रकाश को फिलहाल जनगणना का कार्य सौंपा गया है और उन्हें अभी तक कोई वित्तीय अधिकार नहीं दिए गए हैं। ऐसे में उनके हस्ताक्षर से टेंडर जारी होने का मामला जांच का विषय है।
डीएम ने एडीएम प्रशासन को सौंपी जांच
जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि सफाई कर्मचारी के हस्ताक्षर से टेंडर जारी होने का मामला उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच एडीएम प्रशासन को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब संबंधित कर्मचारी के पास वित्तीय अधिकार ही नहीं थे, तो आखिर उनके हस्ताक्षर से करोड़ों रुपये के टेंडर कैसे जारी हो गए? क्या टेंडर प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी हुई या फिर इसके पीछे कोई और जिम्मेदार है? फिलहाल इन सभी सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएंगे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com