बदायूं में जाम से मिलेगी राहत! 30 नवंबर और 1 दिसंबर को बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, बसों के लिए तय हुए नए रूट
केशव गुप्ता
जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर दो दिवसीय पायलट प्रोजेक्ट लागू, शहर के प्रमुख चौराहों से नहीं गुजरेंगी निर्धारित रूट की बसें; कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
बदायूं। शहर में आए दिन लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर 30 नवंबर और 1 दिसंबर 2026 को शहर में नई यातायात व्यवस्था पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू की जाएगी। इसके तहत रोडवेज और निजी बसों के आवागमन के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नई व्यवस्था का उद्देश्य शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव कम कर यातायात को सुगम बनाना है।
इन मार्गों से शहर में प्रवेश करेंगी बसें
प्रशासन द्वारा जारी रूट प्लान के अनुसार बरेली, पीलीभीत और टनकपुर की ओर से आने वाली बसें नवादा चौराहा, पटेल चौक, एआरटीओ चौराहा, बिल्सी मोड़, लालपुल, महाराणा प्रताप चौक और हाथी पार्क होते हुए रोडवेज बस स्टैंड पहुंचेंगी। वहीं मुरादाबाद, चन्दौसी, बिसौली, आंवला और कुंवरगांव की ओर से आने वाली बसें पटेल चौक, एआरटीओ चौराहा, बिल्सी मोड़, लालपुल, महाराणा प्रताप चौक और हाथी पार्क के रास्ते बस स्टैंड पहुंचेंगी।
कासगंज, एटा, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ से आने वाली रोडवेज बसें मेडिकल कॉलेज तिराहा, बिल्सी मोड़, लालपुल और महाराणा प्रताप चौक होते हुए हाथी पार्क के रास्ते बस स्टैंड पहुंचेंगी। जबकि बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, दिल्ली और सहसवान की ओर से आने वाली बसें बिल्सी मोड़, लालपुल और हाथी पार्क होते हुए बस स्टैंड जाएंगी।
इसी तरह बहजोई, इस्लामनगर और बिल्सी की ओर से आने वाली बसों के लिए एआरटीओ चौराहा, बिल्सी मोड़, लालपुल और हाथी पार्क का मार्ग निर्धारित किया गया है। पटियाली, अलीगंज और कादरचौक से आने वाली बसें नौशेरा तिराहा से बिल्सी मोड़ होते हुए रोडवेज बस स्टैंड पहुंचेंगी।
शाहजहांपुर, दातागंज, फर्रुखाबाद, उसहैत, म्याऊं और ककराला की ओर से आने वाली रोडवेज एवं निजी बसें मंडी समिति चौराहा, रेलवे फ्लाईओवर, पुलिस लाइन चौराहा, एमटी गेट, वन विभाग रोड और अंबेडकर पार्क (हाथी पार्क) होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगी।
बस स्टैंड से वापसी के लिए भी तय किए गए रूट
बस स्टैंड से बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली, कासगंज, कादरचौक और इस्लामनगर की ओर जाने वाली बसें भामाशाह चौक, इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा और नवादा चौराहा होते हुए रवाना होंगी। दातागंज और शाहजहांपुर की ओर जाने वाली बसें भामाशाह चौक, इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा और मझिया मोड़ से गुजरेंगी।
वहीं फर्रुखाबाद, उसहैत, म्याऊं, ककराला और शाहजहांपुर की ओर जाने वाली बसें भामाशाह चौक, इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा, मझिया मोड़ और मंडी समिति तिराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।
प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल
नई यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए लालपुल तिराहा, जालंधरी सराय, महाराणा प्रताप चौक, हाथी पार्क, रोडवेज चौराहा, भामाशाह चौक, मंडी समिति चौक, दातागंज तिराहा, जफा की कोठी, पुरानी चौकी और नवादा समेत प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा मंडी समिति-मझिया रोड पर डीपीएस मार्ग, मझिया मोड़ और पटेल चौक पर बैरियर लगाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
दो दिन के ट्रायल के बाद होगा व्यवस्था का आकलन
जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित परिवहन अधिकारियों और निजी बस संचालकों को निर्धारित रूट का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। दो दिवसीय पायलट प्रोजेक्ट के दौरान यातायात व्यवस्था की स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर जरूरत के मुताबिक बदलाव और सुधार किए जाएंगे, ताकि शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाई जा सके।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नई यातायात व्यवस्था का पालन करें, अपने वाहनों को निर्धारित मार्गों से ही संचालित करें और यातायात को सुचारु बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com