बिल्सी। नगर के तहसील रोड स्थित श्री बालाजी भक्ति धाम में मंगलवार को श्री बालाजी भक्त मंडली की ओर से हनुमान जी का भव्य एवं आकर्षक भक्ति श्रृंगार किया गया। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, नगर के मोहल्ला संख्या चार स्थित श्री संकट मोचन दरबार में भी श्री बालाजी महाराज का विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर बाबा का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें उनका प्रिय भोग जलेबी, बीड़ा और पान अर्पित किया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद आरती की गई। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारे लगाकर अपनी श्रद्धा प्रकट की और आशीर्वाद प्राप्त किया। महंत संजय पंडित सेवादार के रूप में अपनी सेवाएं देते रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ बाबा की पूजा-अर्चना में सहभागिता की। भक्तों ने बालाजी महाराज से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने, परिवारों में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करने की प्रार्थना की।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com