मेला ककोड़ा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को एसपी सिटी ने किया ब्रीफ
केशव गुप्ता
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश, मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश
बदायूं। जनपद के प्रसिद्ध मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) का शुभारंभ 17 नवंबर से होने जा रहा है। मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में सोमवार, 16 नवंबर को पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पांडेय ने मेला परिसर में पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचने और पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा गया। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी करने तथा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेला ककोड़ा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। मेले के दौरान चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखते हुए शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com