कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप, इलाज के दौरान युवती की मौत से मचा हड़कंप
केशव गुप्ता
बदायूं। जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित रूप से जहरीला पदार्थ पिलाए जाने से बीमार हुई युवती की इलाज के दौरान 14 नवंबर को सैफई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। युवती की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के भाई ने पड़ोस के युवक और उसके परिवार की दो महिलाओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के मुताबिक, युवती 7 नवंबर को शैंपू लेने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि प्रेम प्रसंग के चलते पड़ोस में रहने वाले युवक मुशीर ने अपनी मां और भाभी की मदद से युवती को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद युवती की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर बदायूं से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मामले में युवती के भाई ने 10 नवंबर को बिल्सी थाना पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पड़ोसी युवक मुशीर, उसकी मां और भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
इलाज के दौरान 14 नवंबर को युवती ने दम तोड़ दिया। सैफई मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को युवती का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर बिल्सी क्राइम इंस्पेक्टर बीके मौर्य मौके पर पहुंचे और घटनास्थल सहित मामले की जानकारी लेकर जांच-पड़ताल की।
इस संबंध में बिल्सी कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 10 नवंबर को मिली शिकायत के आधार पर मुशीर, उसकी मां और भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
अब युवती की मौत के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com