बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला संख्या दो निवासी ज्योति (21) पुत्री राजेंद्र कश्यप की बरेली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को शव घर पहुंचने पर मायके पक्ष ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ज्योति के भाई के लक्ष्मण कश्पय के मुताबिक, करीब चार महीने पहले मोहल्ले का एक युवक उसकी बहन को अपने साथ ले गया था। बाद में दोनों ने न्यायालय में शादी कर ली थी। शादी के कुछ दिन बाद ज्योति की तबीयत खराब हो गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने अलग-अलग अस्पतालों में उसका उपचार कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में बरेली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार को ज्योति का शव घर पहुंचने पर मायके पक्ष के लोगों ने मौत को लेकर संदेह जताया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर कस्बा इंचार्ज सचिन कुमार सिंह और महिला उपनिरीक्षक रचना देशवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। बाद में नायब तहसीलदार बदन सिंह की मौजूदगी में कोतवाली पुलिस ने मृतका का पंचनामा भर शव को पीएम को भेज दिया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com