दो बाइकों से पहुंचे थे छह लोग, पुलिस को दिया प्रार्थना पत्र; कुछ दिन पहले धान कटाई को लेकर दोनों पक्षों में हुआ था विवाद
कुंवरगांव बदायूं।। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव अहरुइया में खेत पर काम कर रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आधा दर्जन लोगों पर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
गांव अहरुइया निवासी अशोक पाल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि शुक्रवार को वह अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान दो बाइकों से करीब छह लोग पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने यूसुफ नगर निवासी राजिद पुत्र नूरी समेत छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है।
बताया जाता है कि कुछ दिन पहले धान की कटाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि अशोक पाल ने उस दौरान राजिद के साथ मारपीट की थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते अब राजिद पर अशोक पाल के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। फिलहाल मामले में पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com