12:19 pm Friday , 13 November 2026
BREAKING NEWS

देवनागरी पब्लिक इंटर कॉलेज में सजा खाटू श्याम बाबा का भव्य दरबार, भजनों पर झूम उठे श्याम प्रेमी

।

उझानी बदांयू 13 नवंबर।

नगर के देवनागरी पब्लिक इंटर कॉलेज में खाटू श्याम बाबा का तृतीय भव्य दरबार सजाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशाल भजन संध्या में भजन गायकों ने एक से एक सुंदर प्रस्तुति दी, जिससे पूरा पांडाल भक्ति और श्याम नाम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी शामिल हुए और भक्ति भाव से बाबा का गुणगान किया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल विधायक हरीश शाक्य ने पहुंचकर बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई और दर्शन किए।

आयोजक राममोहन शर्मा ने बताया कि हर वर्ष ग्यारस के अवसर पर खाटू श्याम बाबा का यह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य आयोजन कराया गया। बाबा के दरबार को विशेष रूप से आकर्षक रूप दिया गया। इसके लिए थाईलैंड से विशेष फूल मंगवाए गए, जिनसे श्याम दरबार की भव्य सजावट की गई। फूलों से सजे दरबार की छटा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

भजन संध्या में जैसे ही गायकों ने “जो बाबा के दरबार में बजाएगा ताली, उसकी हर दिन होगी दिवाली” भजन सुनाया, पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद “दरबार सांवरिया ऐसो सजा प्यारे” पर श्रद्धालु हाथ उठाकर नाचने लगे।

“कन्हैया मेरा दिल खो गया” भजन पर तो माहौल और भी भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम का सबसे यादगार पल तब आया, जब दिल्ली की भजन गायिका ने “हारे का तू है सहारा सांवरे, हमने भी तुझको पुकारा सांवरे” सुनाया। इस भजन को सुनते ही पांडाल में मौजूद श्रद्धालु झूमने लगे। कई श्रद्धालु भावुक होकर बाबा के चरणों में नतमस्तक हो गए।

इस दौरान श्याम प्रेमी संकेत मोहन शर्मा भी बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ बाबा का स्मरण किया और धार्मिक माहौल में सहभागिता की।

इस मौके पर गुरु जी अजय कुमार मित्तल,अवधेश गोयल, गिरीश बाबू वार्ष्णेय, निलांशु अग्रवाल,गोपाल शर्मा, प्रमिला शर्मा, शिखा शर्मा, विजय कुमार गर्ग, वरदान गोयल,आलोक गुप्ता,जयपाल थरेजा, गगन मित्तल, अजय तोमर, अभिनव सक्सेना, रॉबिन गोयल, विवेक वार्ष्णेय सहित अन्य श्याम प्रेमी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.