उझानी के बाजारों में अतिक्रमण से लगा भीषण जाम, पुलिस ने तुरंत पहुंचकर खुलवाया, स्कूली बच्चों ने ली राहत की सांस।
उझानी बदांयू 13 नवंबर।
नगर के बाजारों में अतिक्रमण के चलते शुक्रवार को भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। कछला रोड, स्टेशन रोड, बिल्सी रोड और बदायूं रोड पर दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। देखते ही देखते बाजारों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि स्कूली वाहन भी इसमें फंस गए। स्कूल से घर लौट रहे बच्चों को काफी देर तक जाम में परेशानियों का सामना करना पड़ा। बच्चे गाड़ियों में बैठे परेशान होते रहे, वहीं अभिभावक भी चिंतित नजर आए।
जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्कूली बच्चों सहित आम लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की।
दरअसल, इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह पहले ऐसे इंस्पेक्टर हैं, जो नगर में जाम लगने की सूचना मिलते ही तुरंत फोर्स भेजकर व्यवस्था सुचारु कराते हैं। कोतवाली पुलिस को जाम के अलावा क्षेत्र की सुरक्षा सहित अन्य काम भी हैं, फिर भी वे हर बार तुरंत मौके पर पहुंचते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजारों में अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। सड़क किनारे अवैध कब्जे और बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम लगता है।
नगर के बाजारों में जाम की समस्या के लिए दुकानदार खुद ही जिम्मेदार हैं। दुकानों के आगे सामान रखकर और वाहनों को सड़क पर खड़ा करके वे खुद ही जाम को न्योता देते हैं।
कछला रोड, स्टेशन रोड, बिल्सी रोड, बदायूं रोड की दुकानों के आगे इतना अतिक्रमण है कि जब तक नगरपालिका कोई ठोस कार्रवाई नहीं करेगी, तब तक जाम से शहर को निजात मिलना संभव नहीं दिखाई देता।
नगरवासियों ने प्रशासन, नगरपालिका और यातायात पुलिस से बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com