उझानी (बदायूं) 3 नवंबर ।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के बरेली-मथुरा हाईवे पर टीवीएस एजेंसी के पास मंगलवार रात साढ़े दस बजे के आसपास बड़ा हादसा हो गया। बदायूं से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस, बैक हो रहे डंपर से टकरा गई। जिससे रोडवेज बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े।
सूचना मिलने पर उझानी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पुलिस के साथ आनन फानन में मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और यातायात सुचारू कराया।
मौके पर पहुंची एंबुलेंसों ने घायलों को उझानी सीएचसी व राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां घायलों का इलाज चल रहा है।
उझानी क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय व प्रभारी निरीक्षक ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।






bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com