गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज किया रेफर, अज्ञात पर कराई रिपोर्ट
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव दिधौनी के जंगल में मंगलवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। दिधौनी-जरसैनी रोड पर स्थित एक ट्यूबवेल की कोठरी के पास एक व्यक्ति ने ई-रिक्शा चालक को तमंचे से गोली मार दी। गोली चालक के पेट में दाहिनी तरफ लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर किया गया है। नगर के मोहल्ला संख्या छह ईट-भटटा रोड निवासी धर्मवीर पुत्र चुन्नी सिंह ई-रिक्शा किराये पर चलाते हैं। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे वह टीएचआर कंपनी बिल्सी से नेमवती पत्नी बलवीर निवासी ग्राम ढदूमर और प्रेमवती पत्नी बलवीर निवासी ग्राम जरसैनी को ई-रिक्शा में लेकर उनके घर जा रहे थे। रास्ते में ग्राम दिधौनी और जरसैनी गांव के मध्य बने एक ट्यूबवेल की कोठरी के पास एक व्यक्ति ने उनका ई-रिक्शा रुकवा लिया। इसके बाद वह उनके साथ हाथापाई करने लगा। धर्मवीर ने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली चला दी। गोली उनके पेट के नीचे दाहिनी तरफ जा लगी।
घटना के बाद घायल ने एंबुलेंस बुलाकर सीएचसी बिल्सी पहुंचकर उपचार कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित ने तहरीर में बताया कि सामने आने पर वह आरोपी को पहचान सकता है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com