बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बेहटा गुसाईं में चल रही रामलीला में रविवार की रात कलाकारों ने बाली वध और लंका दहन की लीला का भावपूर्ण मंचन किया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से दर्शकों को धर्म, न्याय और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। लीला में दिखाया गया कि माता सीता की खोज करते हुए भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की मुलाकात हनुमान जी से होती है। हनुमान जी दोनों भाइयों को सुग्रीव के पास ले जाते हैं। सुग्रीव अपनी व्यथा सुनाते हुए बताते हैं कि उनके भाई बाली ने उनका राज्य और पत्नी छीन ली है। इसके बाद भगवान श्रीराम सुग्रीव की सहायता करते हुए बाली का वध करते हैं और उन्हें उनका राज्य वापस दिलाते हैं। इसके बाद हनुमान जी माता सीता की खोज में लंका पहुंचते हैं। वहां अशोक वाटिका में माता सीता से मुलाकात कर भगवान श्रीराम का संदेश देते हैं। रावण के सैनिक हनुमान जी की पूंछ में आग लगा देते हैं। इसके बाद हनुमान जी पूरी लंका में आग लगाकर वापस लौट आते हैं। लंका दहन का दृश्य देखकर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। रामलीला में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com