बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें 42 से अधिक गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें सुरक्षित प्रसव और बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी सलाह दी गई।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जयश्री शर्मा ने महिलाओं को सलाह दी कि गर्भावस्था के दौरान मानसिक तनाव और घर की कलह से दूर रहें। इसका मां के स्वास्थ्य के साथ गर्भस्थ शिशु के विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। परिवार के सदस्य भी गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें और उनके साथ सहयोगात्मक व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित प्रसव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराना जरूरी है। बदलते मौसम में ठंड से बचाव करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। पौष्टिक भोजन, मौसमी फल और हरी सब्जियों का सेवन करें। पर्याप्त पानी पीएं और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं न लें। परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। शिविर में महिलाओं को फल भी वितरित किए गए। इस मौके पर सुमन शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com