बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव पिंडौल में जनता आदर्श रामलीला क्लब हसनपुर, अमरोहा के कलाकारों द्वारा रविवार की रात आयोजित भव्य रामलीला के नौवें दिन लक्ष्मण शक्ति, मेघनाद वध और सती सुलोचना के मार्मिक प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को भावुक कर दिया। रामलीला में मेघनाद और लक्ष्मण के बीच भीषण युद्ध का मंचन किया गया। इस दौरान मेघनाद ने शक्ति अस्त्र का प्रयोग कर लक्ष्मण को मूर्छित कर दिया। भाई लक्ष्मण को अचेत देखकर प्रभु श्रीराम व्याकुल हो उठे। इसके बाद हनुमान जी लंका से वैद्य सुषेण को लेकर आए और द्रोणागिरि पर्वत से संजीवनी बूटी लाकर लक्ष्मण के प्राण बचाए। लक्ष्मण के स्वस्थ होते ही पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद लक्ष्मण और मेघनाद के बीच दोबारा युद्ध हुआ, जिसमें लक्ष्मण ने मेघनाद का वध कर दिया। मेघनाद का कटा हुआ हाथ सुलोचना के आंगन में गिरने पर लंका में शोक छा गया। पति का शीश लेने सुलोचना भगवान श्रीराम के शिविर पहुंचीं। वहां श्रीराम की महिमा का गुणगान करते हुए उन्होंने पति का शीश मांगा और सती होने का संकल्प लिया। इस प्रसंग के मंचन के दौरान पंडाल में सन्नाटा छा गया और कई दर्शकों की आंखें नम हो गईं। इस मौेके पर कमेटी के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com