2:44 pm Monday , 2 November 2026
BREAKING NEWS

क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव में ब्रज प्रांत रहा अव्वल, मेरठ द्वितीय और उत्तराखंड ने तृतीय स्थान प्राप्त कर बढ़ाया गौरव

क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव में ब्रज प्रांत रहा अव्वल, मेरठ द्वितीय और उत्तराखंड ने तृतीय स्थान प्राप्त कर बढ़ाया गौरव

बरेली। विद्या भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कांति कपूर परिसर एवं सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग बरेली में संपन्न हुआ। महोत्सव में विभिन्न प्रांतों से आए प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्रज प्रांत ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। मेरठ प्रांत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि उत्तराखंड प्रांत ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपने प्रांत का नाम गौरवान्वित किया। सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम, अनुशासन एवं रचनात्मकता से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि अनुपम कपूर, चेयरमैन सिद्धि विनायक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट एवं अध्यक्ष खत्री महासभा रहे। मुख्य वक्ता के रूप में सुनील तिवारी, प्रांत संगठन मंत्री उत्तराखंड ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम प्रवेक्षक श्री विद्या परिषद उत्तर प्रदेश की मंत्री नीरज शर्मा ने भी अपने विचार रखें, विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी आशुतोष शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया
महोत्सव के अंतर्गत प्रश्न मंच, अंत्याक्षरी, गीत, कथा कथन, मूर्ति कला, चित्रकला एवं स्वरचित काव्य पाठ सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं, साहित्य, कला एवं संगीत के प्रति अपनी गहरी रुचि और ज्ञान का परिचय दिया। प्रश्न मंच में प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया तो अंत्याक्षरी एवं गीत प्रतियोगिताओं में मधुर स्वरों ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। कथा कथन में विद्यार्थियों ने प्रेरणादायक प्रसंगों के माध्यम से भारतीय जीवन मूल्यों को प्रस्तुत किया। मूर्ति कला एवं चित्रकला में उनकी सृजनात्मक प्रतिभा देखने को मिली, वहीं स्वरचित काव्य पाठ में विद्यार्थियों ने अपनी साहित्यिक अभिव्यक्ति से सभी को प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि अनुपम कपूर ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति, कला, साहित्य और भारतीय परंपराओं का ज्ञान भी आवश्यक है। मुख्य वक्ता सुनील तिवारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमारी पहचान है। विद्यार्थियों में संस्कार, राष्ट्रभक्ति और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव का भाव जागृत करना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह चाहर, संभाग निरीक्षक सुनील कुमार सिंह पुंडीर कार्यक्रम संयोजिका मोना शर्मा एवं प्रधानाचार्या अर्चना अध्यक्षा दीप्ति रानी सुषमा दिक्षित सह संयोजक संजीव कुमार पांडे आदि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें संस्कारवान, आत्मविश्वासी एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाना भी है। अंत में क्षेत्र शिक्षा संयोजक कमल जी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, आचार्यों, कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रिया सक्सेना ने किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.