


मुजरिया बदायूँ 2 नवंबर।
थाना मुजरिया क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में अर्टिगा कार की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर जेवर छीनने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थिनी नुजहत पुत्री नवी अहमद निवासी भीकमपुर हरदोपट्टी, थाना मुजरिया ने शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी करीब एक साल पहले भोगाजीत नगरिया, थाना जरीफनगर निवासी फरमान पुत्र फिरासत के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। पिता ने दान-दहेज में मोटर साइकिल, फ्रिज, वाशिंग मशीन, फर्नीचर, बर्तन और सोने-चांदी के जेवरात दिए थे।
आरोप है कि शादी के पहले दिन से ही ससुराल वाले कम दहेज का ताना देकर परेशान करने लगे और अतिरिक्त दहेज में अर्टिगा कार की मांग करने लगे।
प्रार्थिनी के अनुसार 02 दिसंबर 2025 को करीब 10:30 बजे पति फरमान, ससुर फिरासत, सास जरीना, देवर अरमान, सलमान व ननद मुस्कान ने खाने-पीने को न देने और लात-घूंसों, लाठी-डंडों से मारपीट की। मायके वालों ने पहुंचकर उसे छुड़वाया।
इसके बाद पीड़िता ने थाना जरीफनगर और क्षेत्राधिकारी सहसवान को प्रार्थना पत्र दिया। पीड़िता का आरोप है कि एसएसपी के आदेश के बाद भी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
बाद में दोनों पक्षों को 03 फरवरी 2026 को थाना मुजरिया पर बुलाकर समझौता करा दिया गया और तय शर्तों के अनुसार विदा कराकर ससुराल ले जाया गया।
पीड़िता का आरोप है कि 15 दिन बाद फिर दहेज को लेकर ताने और अर्टिगा कार की मांग शुरू हो गई। 20 फरवरी 2026 को सुबह करीब 9 बजे ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट कर सारा जेवर छीन लिया और बिना कार लिए वापस आने पर जान से मारने की धमकी देते हुए पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया।
मायके आने पर पंचायत बैठायी गई, लेकिन ससुराल वाले पंचायत में यह कहकर चले गए कि बिना अर्टिगा कार के नहीं रखेंगे, अगर जबरदस्ती भेजा तो जान से मार देंगे और दूसरी शादी कर लेंगे। इससे पहले भी पेट्रोल डालकर मारने की कोशिश की जा चुकी है।
पीड़िता ने थाना पुलिस पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com