2:42 pm Sunday , 1 November 2026
BREAKING NEWS

उझानी में आज घर-घर मनाई जा रही है अहोई अष्टमी।

उझानी में आज घर-घर मनाई जा रही है अहोई अष्टमी।

माताओं ने रखा संतान की लंबी उम्र के लिए व्रत।

उझानी, बदायूं 1 नवंबर।

संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के लिए आज माताएं अहोई अष्टमी का व्रत रख रही है। इस पर्व पर रवि पुष्य और सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग बन रहा है, जिसे ज्योतिष काफी शुभ मान रहे हैं।

ज्योतिषाचार्य पं. प्रवीण शर्मा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार रवि पुष्य और सर्वार्थ सिद्धि योगों में पूजा-पाठ और दान-पुण्य करना शुभ माना जाता है। महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को अहोई माता की पूजा करेंगी। इसके बाद तारों को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करेंगी।

अहोई अष्टमी पर पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 4:59 बजे से 6:15 बजे तक रहेगा। तारों को अर्घ्य देने का समय शाम 6:22 बजे के बाद बताया गया है, जबकि चंद्रोदय रात 11:05 बजे होगा। धार्मिक मान्यता है कि अहोई माता की पूजा और व्रत कथा सुनने से संतान पर माता की कृपा बनी रहती है।

बाजार में अहोई माता के डिजिटल प्रिंट वाले कैलेंडर और आकर्षक पोस्टर महिलाओं की पसंद बने हुए हैं। करवे और अन्य पूजन सामग्री की भी खरीदारी हो रही है। विक्रेता भूपेंद्र ने बताया कि इस बार पहले की अपेक्षा अधिक ग्राहक आ रहे हैं। महिलाएं खासतौर पर पोस्टर और कैलेंडर खरीद रही हैं।

ऐसे करें पूजा की तैयारी-
चौकी को साफ कर उस पर लाल या पीला वस्त्र बिछाएं और अहोई माता का चित्र स्थापित करें। धूप-दीप जलाकर पुष्प, रोली, अक्षत और भोग अर्पित करें। परंपरा के अनुसार मोती की माला या चांदी के मोती भी पूजा में रखे जाते हैं। व्रत कथा सुनने के बाद तारों को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करें ।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.