बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम पिंडौल में जनता आदर्श रामलीला क्लब की ओर से आयोजित रामलीला में शुक्रवार की रात आदर्श रामलीला कमेटी हसनपुर, अमरोहा के कलाकारों ने सीता हरण की लीला का भावपूर्ण मंचन किया। कलाकारों ने शूर्पणखा की नाक काटने से लेकर रावण द्वारा माता सीता का हरण करने तक के प्रसंग को जीवंत कर दिया। मंचन में दिखाया गया कि पंचवटी में शूर्पणखा ने भगवान श्रीराम से विवाह का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव ठुकराए जाने पर वह माता सीता पर झपटी, जिस पर लक्ष्मण ने उसकी नाक और कान काट दिए। अपमानित शूर्पणखा ने रावण को सीता हरण के लिए उकसाया। रावण ने मारीच की मदद से स्वर्ण मृग की माया रची। हिरण को पकड़ने के लिए श्रीराम वन में चले गए और उनके पीछे लक्ष्मण भी कुटिया छोड़कर निकल गए। इसी का फायदा उठाकर साधु के वेश में पहुंचे रावण ने भिक्षा मांगते हुए माता सीता का अपहरण कर लिया। वह उन्हें पुष्पक विमान में बैठाकर लंका ले जाने लगा। माता सीता की पुकार सुनकर जटायु ने रावण का रास्ता रोका और युद्ध करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। इस मौके पर मेला अध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी, राजेश कुमार, प्रदीप गुप्ता, राजेश गुप्ता, मनोहर लाल शर्मा, जगदीश सक्सेना, अजय सक्सेना, वीरेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र प्रजापति, अनुराग भूषण गुप्ता, चौधरी जसवंत सिंह, सोवरन सिंह, मुनीश शर्मा, अनिल तिवारी और शुभम तिवारी उर्फ तन्नू तिवारी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com