7:57 pm Saturday , 31 October 2026
BREAKING NEWS

दीपावली पर हिंदू बाहुल्य इलाकों को सड़कों का तोहफा, चेयरमैन फात्मा रजा ने दी 1.62 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

दीपावली पर हिंदू बाहुल्य इलाकों को सड़कों का तोहफा, चेयरमैन फात्मा रजा ने दी 1.62 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

नगर पालिका के 12 निर्माण कार्यों से शहर की सड़कों का होगा कायाकल्प

कई प्रमुख मार्गों पर बिछेगी हॉटमिक्स की परत, नाला, पार्क और पार्किंग निर्माण भी होंगे

हॉटमिक्स और सीसी सड़क निर्माण पर विशेष जोर।

अंबेडकर पार्क में फर्श और एसके कॉलेज में पार्किंग।

शहर के कई प्रमुख और हिंदू बाहुल्य इलाकों के मार्ग भी विकास कार्यों में शामिल।

बदायूं। दीपावली के त्योहार पर बदायूं शहर के लोगों को विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है। नगर पालिका परिषद की चेयरमैन फात्मा रजा के प्रयासों से शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों पर 1 करोड़ 62 लाख 18 हजार 385 रुपये की लागत से 12 निर्माण एवं विकास कार्य कराए जाने की तैयारी है। इन कार्यों में सबसे ज्यादा जोर सड़क निर्माण और सड़कों के कायाकल्प पर दिया गया है। खास बात यह है कि स्वीकृत निर्माण कार्यों में हिंदू बाहुल्य इलाकों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों के कई प्रमुख मार्गों को भी शामिल किया गया है। इससे दीपावली के मौके पर इन इलाकों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

चेयरमैन फात्मा रजा की ओर से प्रस्तावित इन विकास कार्यों में हॉटमिक्स सड़क, सीसी सड़क, नाला निर्माण, पार्क में फर्श निर्माण और पार्किंग जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। शहर के व्यस्ततम मार्गों से लेकर मोहल्लों की अंदरूनी सड़कों तक विकास कार्यों का खाका तैयार किया गया है। लंबे समय से खराब सड़कों और आवागमन की समस्या से जूझ रहे लोगों को इन कार्यों से राहत मिल सकती है।

प्रस्तावित कार्यों की सूची पर नजर डालें तो प्रेमलोक हॉस्पिटल से दशमेश थ्रेसर होते हुए सरकारी ट्यूबवेल तक सड़क निर्माण के लिए 28 लाख 73 हजार 438 रुपये निर्धारित किए गए हैं। यह प्रमुख निर्माण कार्यों में शामिल है। इसी तरह वाटर वर्क्स रोड पर हॉटमिक्स सड़क निर्माण के लिए 13 लाख 33 हजार 955 रुपये खर्च किए जाएंगे। सुभाष चौक से नई सराय लीक तक सड़क के हॉटमिक्स कार्य पर 14 लाख 66 हजार 76 रुपये की लागत आएगी। लावेला चौक से छह सड़का तक सड़क निर्माण के लिए 9 लाख 83 हजार 199 रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

अल्फा खां सराय में जावेद मास्टर से देव अरोड़ा होते हुए महावीर के मकान तक सीसी सड़क का निर्माण 8 लाख 43 हजार रुपये से कराया जाएगा। कचहरी रोड से मास्टर असरार के मकान तक निर्माण कार्य पर 7 लाख 53 हजार 337 रुपये और मल्होत्रा ग्लास से नगर पालिका के पश्चिमी गेट तक सड़क निर्माण पर 6 लाख 57 हजार 20 रुपये खर्च होंगे। पथिक चौराहे से प्रकाशी भाई के घर तक हॉटमिक्स कार्य के लिए 3 लाख 3 हजार 196 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

शहर में जल निकासी की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नई सराय में बड़े गेट की पुलिया के दोनों ओर नाला निर्माण कराया जाएगा। इस पर 14 लाख 22 हजार 844 रुपये खर्च होंगे। वहीं नेकपुर स्थित अंबेडकर पार्क में फर्श निर्माण के लिए 6 लाख 66 हजार 709 रुपये और एसके कॉलेज में पार्किंग निर्माण के लिए 11 लाख 75 हजार 300 रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा वाटर वर्क्स कैंपस में 12 लाख 40 हजार 311 रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा। शहर की विभिन्न सड़कों की मरम्मत और हॉटमिक्स कार्यों के लिए 25 लाख रुपये का बजट भी रखा गया है।

चेयरमैन फात्मा रजा के इन प्रयासों को शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासतौर पर सड़क निर्माण के लिए बड़ी धनराशि निर्धारित होने से शहर के अलग-अलग हिस्सों में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। त्योहारों के मौसम में सड़कों की स्थिति बेहतर होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को भी लाभ मिलेगा।

इन निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद शहर में न केवल सड़कों की स्थिति में सुधार होगा, बल्कि जल निकासी, सार्वजनिक पार्क और पार्किंग जैसी जरूरी सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी। अब शहरवासियों की निगाहें इन प्रस्तावित कार्यों के धरातल पर उतरने और निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय से पूरा होने पर टिकी हैं।
इंसेट—-
खास निर्माण कार्य : एक नजर में

1- प्रेमलोक हॉस्पिटल से दशमेश थ्रेसर होते हुए सरकारी ट्यूबवेल तक हॉटमिक्स सड़क निर्माण में 28.73 लाख

2- सुभाष चौक–नई सराय 14.66 लाख मार्ग का हॉटमिक्स निर्माण।

3-नई सराय नाला निर्माण 14.22 लाख बड़े गेट की पुलिया के दोनों ओर नाला।

4-वाटर वर्क्स रोड 13.33 लाख हॉटमिक्स सड़क निर्माण।

5- एसके कॉलेज 11.75 लाख पार्किंग निर्माण।

6-शहर की सड़कें 25 लाख मरम्मत एवं हॉटमिक्स कार्य

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.