आंवला। आंवला थाना पुलिस ने रविवार तड़के एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गो-तस्करी मामले में वांछित और 25,000 रुपये के इनामी बदमाश छोटा उर्फ रिजवान को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 8/9 अक्टूबर 2026 की रात को आंवला थाना क्षेत्र के ग्राम आसपुर में अज्ञात बदमाशों द्वारा गोवंशीय पशुओं का वध किया गया था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों हैदर अली और शाहरुख को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी मामले में रामपुर के मिलक थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर अपराधी छोटा उर्फ रिजवान पुत्र बब्बू शाह फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
रविवार सुबह करीब 06:02 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रिजवान किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के मकसद से आंवला-रामनगर मार्ग पर रेकी कर रहा है। सूचना मिलते ही आंवला थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेवती मोड़ के पास घेराबंदी की।
पुलिस ने जब टॉर्च की रोशनी में आरोपी को रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग कर दी। बदमाश की गोली आरक्षी दुलीचंद की बाईं बाजू को रगड़ती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश छोटा उर्फ रिजवान के दाहिने पैर के घुटने में लगी। गोली लगते ही वह सड़क किनारे गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल सिपाही दुलीचंद और बदमाश रिजवान को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) आंवला भेजा गया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com