7:57 pm Saturday , 31 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी- गोभी बेचने जा रहे युवक से लूट के बाद फायरिंग की सूचना पर दौड़ी पुलिस।

इंस्पेक्टर ने बताया संदिग्ध, डॉक्टर बोले- गोली लगने के निशान नहीं।

उझानी बदांयू 31 अक्टूबर।

कोतवाली उझानी क्षेत्र में शनिवार तड़के ई-रिक्शा से गोभी बेचने जा रहे एक युवक से लूट और फायरिंग का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस और चिकित्सकों ने घटना को संदिग्ध बताया है। सूचना पर पहुंची 112 डायल पुलिस घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां से उसे जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव बसोमा निवासी नंदलाल के 26 वर्षीय पुत्र राहुल ने बताया कि वह शनिवार तड़के गांव के ही ई-रिक्शा चालक हबीब शाह के ई-रिक्शा में अपने खेत की गोभी भरकर उझानी कृषि उत्पादन मंडी समिति बेचने जा रहा था।

राहुल के अनुसार बसोमा से गंगोरा होते हुए बरेली-मथुरा हाईवे को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच तमंचा लिए खड़े एक युवक ने ई-रिक्शा रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता, बदमाश ने उसकी जेब से पांच से छह हजार रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर बदमाश ने फायर झोंक दिया, जो उसके पेट को रगड़ते हुए निकल गया। इससे वह लहूलुहान हो गया और बदमाश मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना पर 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी लेकर आई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बदायूं के लिए रेफर कर दिया।

वहीं इस पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है।

उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने भी घायल के शरीर पर फायर आर्म्स से घायल होने के निशान से इंकार किया है। फिर भी मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है। फुटेज व जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.