8:42 pm Saturday , 31 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में शराब के ठेकों पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, बच्चों के साथ पहुंचकर किया हंगामा, सेल्समैन शटर डालकर भागे।


फैजगंज बेहटा, बदायूं 31 अक्टूबर।

जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ओरछी चौराहे पर शनिवार दोपहर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब शराब के ठेके हटवाने की मांग को लेकर दो दर्जन से अधिक महिलाएं अपने बच्चों के साथ ठेकों पर पहुंच गईं।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 3 बजे महिलाएं अचानक ओरछी चौराहे पर पहुंचीं। भीड़ और विरोध बढ़ता देख देसी, अंग्रेजी और बीयर के ठेकों पर तैनात सेल्समैन दुकानों के शटर डालकर मौके से भाग निकले। करीब डेढ़ घंटे तक चौराहे पर हंगामे की स्थिति बनी रही।

महिलाओं का आरोप है कि ओरछी चौराहे पर देसी और अंग्रेजी शराब के साथ बीयर के भी ठेके हैं। इन ठेकों पर दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इलाके के कई पुरुष काम पर जाने के बाद शाम को घर लौटते समय यहीं शराब पीते हैं और नशे की हालत में घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मारपीट और विवाद करते हैं, जिससे घरों का माहौल खराब हो रहा है।

महिलाओं का कहना था कि अगर चौराहे से शराब के ठेके हट जाएंगे तो उनके पति शराब पीकर घर नहीं लौटेंगे और घर में शांति रहेगी।

हंगामे की सूचना पर पहुंची फैजगंज बेहटा पुलिस ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने बताया कि शराब के ठेके हटवाना या दूसरी जगह स्थानांतरित करना पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। इसके लिए आबकारी विभाग में निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करनी होगी। महिलाओं ने अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचाने और ठेके हटवाने की मांग पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद हंगामा खत्म किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.