8:59 am Friday , 30 October 2026
BREAKING NEWS

चांद के दीदार के साथ खुला निर्जला व्रत, बिखरी खुशियों की छटा

मेहंदी की खुशबू और चूड़ियों की खनक से महका कस्बा; पंजाबी गली में महिलाओं ने भक्तिभाव से की पूजा-अर्चना।

आंवला। कस्बे में करवा चौथ का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में पारंपरिक धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। भारतीय संस्कृति की यह सुंदर परंपरा प्रेम, अटूट विश्वास और पारिवारिक जुड़ाव को और अधिक मजबूत बनाती है। दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद देर शाम महिलाओं ने चंद्र दर्शन कर अपना व्रत खोला और पतियों के हाथों जल ग्रहण कर उनकी लंबी उम्र की कामना की।
पर्व को लेकर सुबह से ही कस्बे व आसपास के क्षेत्रों में गजब का उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने सुहाग के प्रतीक सोलह सिंगार कर पूजा-अर्चना की। हाथों में रची मेहंदी की खुशबू, चूड़ियों की खनक और पारंपरिक परिधानों की चमक ने त्योहार के माहौल को खुशगवार बना दिया। करवा चौथ पर आसमान में चमकी शीतल चांदनी ने हर घर-आंगन को खुशियों से सराबोर कर दिया।

कस्बे की पंजाबी गली में करवा चौथ का विशेष आकर्षण देखने को मिला। यहां की महिलाओं ने एक साथ एकत्र होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करवा चौथ की कथा सुनी और सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन किया। पूजा के दौरान भक्ति गीतों से पूरा माहौल श्रद्धा से सराबोर हो उठा।

देर शाम जैसे ही चांद का दीदार हुआ, महिलाओं ने अर्घ्य देकर चंद्र देव की पूजा की और छलनी से पति का चेहरा देखा। इसके बाद पतियों ने अपनी धर्मपत्नियों को जल पिलाकर उनका निर्जला व्रत खुलवाया। पतियों ने भी अपनी जीवनसंगिनियों को उपहार भेंट कर उनके प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया तथा परिवार में सुख-शांति व प्रगाढ़ता की कामना की।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.