बरेली-मुरादाबाद शिक्षक MLC मतगणना शुरू, 17 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला।
बरेली 27 अक्टूबर ।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना प्रक्रिया का काउंटडाउन खत्म हो गया। मंगलवार सुबह 8 बजे से बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल में बनाए गए मतगणना केंद्र पर दोनों मंडलों के 9 जिलों के वोटों की गिनती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
चुनाव में उतरे 17 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतगणना पूरी होने के बाद होगा।
मतगणना की प्रक्रिया भले ही सुबह 8 बजे से शुरू हुई थी, लेकिन वोटों की असली गिनती शाम करीब 4 बजे से शुरू हो सकी। यानि 7 घंटे बाद।
पहले मतपेटी निकालने, बंडल बनाने, कटे-फटे जैसे संदिग्ध और गलत भरे या बिना उम्मीदवार चुने खाली मतपत्रों को अलग करने में पूरा दिन लग गया। उसके बाद अब 8 टेबलों पर मतगणना शुरू हुई है।
सूत्रों के मुताबिक देरी की एक बड़ी वजह राजनीतिक दलों और कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों के एजेंट का समय पर न पहुंचना और कुछ मतगणना कर्मियों के भी टेबल पर न होने से गिनती शुरू नहीं हो सकी। सभी को बार-बार बुलाया जा रहा था।
मतगणना के मद्देनजर मंगलवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संजय कम्युनिटी हॉल से बरेली कॉलेज, नगर निगम होते हुए अयूब खां चौराहा पुलिस चौकी तक पुलिस बल के साथ पैदल भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति परखी।
इसके बाद एसएसपी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मतगणना शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था के प्रति सतर्क रहने को कहा।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com