उझानी (बदायूँ) 11 नवंबर।
उझानी पुलिस की मानवता और मुस्तैदी ने एक पिता की बिछड़ी हुई मुस्कान लौटा दी। कस्बे में दवा लेने आए पिता से बिछड़ी 5 साल की मासूम दिशा को पुलिस ने खोजकर सकुशल उसके पिता को सौंप दिया।
ग्राम बिहार हरचन्दपुर, थाना उझानी निवासी संजीव कुमार पुत्र हरपाल सिंह आज अपनी 5 वर्षीय पुत्री कु० दिशा को दवा दिलाने के लिए कस्बा उझानी के मोहल्ला अयोध्यागंज में आए थे।
दवा लेते समय अचानक संजीव कुमार की पुत्री दिशा गुम हो गई। बेटी के गायब होने से पिता घबरा गए और इधर-उधर खोजने लगे।
इसी दौरान भ्रमणशील चीता मोबाइल पर लगे कर्मीगण को मासूम दिशा भटकती हुई मिली। पुलिस कर्मियों में शैलेश चोधरी ओर आकाश नेहरा ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा बच्ची को थाने पर लाकर महिला हेल्प डेस्क की निगरानी में बैठाया।
थोड़ी देर बाद ही गुमशुदा बच्ची के पिता संजीव कुमार थाने पर आ गए। उन्होंने अपनी पुत्री की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदा कु० दिशा को उसके पिता संजीव कुमार के सुपुर्द कर सकुशल रुखसत किया।
बेटी को सकुशल पाकर पिता संजीव कुमार की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने उझानी पुलिस का आभार जताया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस की इस मानवीय कार्रवाई की जमकर सराहना की।
उझानी पुलिस का यह मानवीय चेहरा एक बार फिर सामने आया है, जिसने साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ सख्ती के लिए नहीं, बल्कि सेवा और सुरक्षा के लिए भी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com