2:16 am Sunday , 22 November 2026
BREAKING NEWS

उझानी- मंडी टैक्स चोरी रोकने गए सचल दल पर लाठी-डंडों से हमला, सुरक्षा गार्ड गंभीर।

उझानी- मंडी टैक्स चोरी रोकने गए सचल दल पर लाठी-डंडों से हमला, सुरक्षा गार्ड गंभीर।

उझानी-बदायूं, 20 नवंबर।

उझानी में मंडी टैक्स की चोरी रोकने में लगे मंडी के सचल दल पर बीती रात गांव कुड़ानरसिंहपुर के समीप मिर्च लदे वाहन के चालक ने अपने साथियों के साथ लाठी-डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया। हमले में सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज से हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया है।

मंडी सचिव रिंकू कश्यप ने पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि सचल दल प्रभारी सतेन्द्र कुमार गौतम के नेतृत्व में टीम बीती रात बरेली-मथुरा हाइवे स्थित उझानी नगर के अंबेडकर चौराहे पर मंडी टैक्स चोरी रोकने के लिए रोड चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे वाहन संख्या यूपी 24 एटी 8308 को रुकने का इशारा किया। वाहन में करीब 35 क्विंटल मिर्च लदी थी।

चालक ने वाहन रोकने के बजाय भगा लिया। इस पर सचल दल ने पीछा कर उसे कुड़ानरसिंहपुर के समीप रोक लिया और माल के प्रपत्र मांगे।

तहरीर में लिखा है कि कागज मांगने पर वाहन चालक अभद्र भाषा और गाली-गलौज करने लगा। साथ ही उसने फोन कर अपने करीब आधा दर्जन साथियों को बुला लिया। मौके पर आते ही आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने सचल दल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सचल दल के अन्य सदस्य मामूली रूप से घायल हुए हैं।

सचल दल प्रभारी घायल राकेश कुमार को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां सुरक्षा गार्ड की नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया है। मंडी सचिव ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करने के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.